महोबा , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में महोबा के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक वृद्ध महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि सुभाष चौकी अंतर्गत कादीपुरा मोहल्ला निवासी संतोष पुरवार की 65 वर्षीय पत्नी किरन का शव उसके मकान में बिस्तर पर पड़ा मिला। देर रात तक घर का दरवाजा खुला देख पड़ोसियों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जबकि उसका पति किसी कार्य से बाहर गया हुआ था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। उसके गले में मंगलसूत्र मिला, लेकिन कान के कुंडल गायब थे। शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया है कि मृतका के घर पर कामकाज के सिलसिले में प्रतिदिन कुछ लोगों का आना-जाना रहता था। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित