महोबा , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले मे एससी-एसटी न्यायालय के आदेश पर मंगलवार को सदर कोतवाली पुलिस ने एक पूर्व जज के चालक और उसके परिवार के सदस्यों समेत सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित मनीष कुमार अहिरवार ने आरोप लगाया है कि उधार दिए गए दो लाख रुपये वापस मांगने पर उनके साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और लूटपाट की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस उप अधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि पीड़ित मनीष कुमार अहिरवार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर कहा है कि उसने अमन चौरसिया को मां के गंभीर इलाज के लिए दो लाख रुपये उधार दिए थे। तय समय पर रुपये वापस मांगने के बावजूद उसे भुगतान नहीं किया गया जिससे विवाद बढ़ गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित