महोबा , मई 26 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर बेटी से छेड़खानी करने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस उप अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि मुख्यालय के एक मुहाल निवासी विकलांग महिला ने सदर कोतवाली में दी गयी तहरीर में बताया कि शनिवार रात उसके पति श्रीचंद्र ने जवान बेटी के साथ अश्लील हरकत की। दरअसल उसकी 19 वर्षीय बेटी कमरे में पिता को दूध देने गई तो कमरे में बिना वस्त्रों के लेटे पिता ने बेटी का हाथ पकड़कर छेड़खानी शुरू कर दी। जिस पर बेटी ने शोर मचाया और पिता की हरकत का विरोध किया। इस पर आरोपी ने पत्नी और बेटी को गालियां देते हुए जलील किया और हंगामा काटा।
पुलिस उप निरीक्षक ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपित पति श्रीचंद्र के खिलाफ बीएनएस की धारा 74,115(2) ,352,351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना महिला एसआई सुषमा चौधरी को सोपी गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित