महोबा , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में शादियों में बर्तन धोकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक गरीब व्यक्ति की दबंगों द्वारा की गई पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस पर समय पर कार्रवाई और उपचार में मदद न करने का आरोप लगाया है। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि चरखारी कस्बे की कांशीराम कॉलोनी में ब्लॉक नंबर-दो निवासी ऊषा के बेटे की जन्मदिन पार्टी के दौरान रविवार रात किसी बात को लेकर मृतक जाहिद के पुत्र की कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि देर रात आधा दर्जन से अधिक लोग जाहिद के घर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर उसकी पुत्रियों आयशा, फिजा और सामिया के साथ अभद्रता करते हुए उन्हें खींचने लगे। जब जाहिद ने विरोध कर परिवार को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। परिजनों का आरोप है कि हमले में जाहिद के शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि परिजनों का आरोप है कि रात में पुलिस ने न तो उनका प्रार्थना पत्र लिया और न ही घायल को तत्काल उपचार के लिए भिजवाया। बाद में परिजन किसी तरह जाहिद को जिला चिकित्सालय ले गए।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर सोमवार को उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। परिजनों ने बाबू , सलमान, चंद्रशेखर समेत छह-सात लोगों के खिलाफ थाना चरखारी में तहरीर दी है।
पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने मृतक के पुत्र साहिल से घटना की जानकारी लेकर निष्पक्ष कार्रवाई और न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित