महोबा , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक ट्रैक्टर चालक का शव संदिग्ध अवस्था में ट्रॉली में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि कस्बा कबरई के भगत सिंह नगर निवासी संदीप अनुरागी (48) ट्रैक्टर से बिल्डिंग मैटेरियल ढोकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के अनुसार वह सोमवार शाम ईंट और बालू लादकर निकटवर्ती बघवा खोडा गांव गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा।

मंगलवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास जंगल में उसका ट्रैक्टर लावारिस हालत में खड़ा मिला, जिसकी ट्रॉली में संदीप का शव पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।

मृतक के छोटे भाई लखन ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित