महोबा , अक्टूबर 14 -- उत्तर प्रदेश मे महोबा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार को कर्ज और फसल बर्बादी से परेशान एक किसान द्वारा आत्महत्या कर लिए जाने का मामला प्रकाश मे आया है। पुलिस उप अधीक्षक रविकांत गौड़ ने बताया कि बिलबाई निवासी किसान कमलेश रैकवार (45) ने खेत में बबूल के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। परिजनों के मुताबिक, कमलेश रैकवार करीब 15 बीघा जमीन पर खेती करते थे। इस बार अतिवृष्टि के कारण उनके खेत में बोई गई तिल और मूंगफली की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। फसल खराब होने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया था। गांव के लोगों से लिया गया करीब दो से तीन लाख रुपये का कर्ज भी उसके ऊपर था। आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ के चलते वह काफी परेशान थे।

परिजनों द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कमलेश अपने भाई मनोज के साथ खेत की झोपड़ी में सोया था. उनके बड़े भाई खेत पहुंचे, तो कमलेश का शव बबूल के पेड़ से लटका मिला। शहर कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित