महोबा , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में परिवहन विभाग की कार्रवाई से आहत होकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले वाहन स्वामी के खिलाफ पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे शुक्रवार को जेल भेज दिया। पुलिस उपाधीक्षक ए.के. सिंह ने बताया कि गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) दयाशंकर कबरई-कुनैहटा मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक मालवाहक डंपर के बीमा, फिटनेस सहित आवश्यक दस्तावेज अपूर्ण पाए गए और वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। नियमों के उल्लंघन पर वाहन का चालान कर चालान प्रति चालक को सौंप दी गई।

चालान से नाराज वाहन स्वामी ब्रजेश विश्वकर्मा ने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और अपने ऊपर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से उसे रोक लिया गया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। बाद में पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

डीएसपी के अनुसार एआरटीओ दयाशंकर की शिकायत पर वाहन स्वामी के खिलाफ कार्यालय में हंगामा कर सरकारी कार्य में बाधा डालने और आत्मदाह का प्रयास कर माहौल बिगाड़ने के आरोप में बीएनएस की धारा 226 और 132 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित