देवरिया , मई 29 -- कांग्रेस के देवरिया जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल 'रोशन' ने महोबा में दलित छात्रा से दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार का कोई भी प्रतिनिधि पीड़िता के घर नहीं पहुंचा।
श्री रोशन ने शुक्रवार को यहां पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना के बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि पीड़िता के परिवार का दुख साझा करने नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहे थे, तब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, इसके बावजूद वे पीड़िता के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की संवेदनशीलता से सरकार घबरा गई है और इसी कारण प्रदेशभर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन कराए जा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार और दमनकारी नीतियों के जरिए जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा सड़कों, अस्पतालों, मनरेगा और विभिन्न योजनाओं में व्यापक अनियमितताएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनता के मुद्दे उठा रही है, जिससे सरकार बौखलाई हुई है। श्री रोशन ने मांग की कि यदि सरकार वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है तो अपने मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की भी निष्पक्ष जांच कराए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित