देहरादून, अप्रैल 09 -- उत्तराखंड क्रांति दल की केंद्रीय महामंत्री किरन रावत एडवोकेट ने गुरुवार को मस्तिष्क विशेषज्ञ डॉक्टर महेश कुड़ियाल से देहरादून में कारगी चौक स्थित एक निजी अस्पताल में शिष्टाचार भेंट करते हुए उन्हें इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी।
सुश्री रावत ने डॉक्टर कुड़ियाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी कर्मनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं एवं कुशल व्यवहार के लिए उनको उत्तराखंड में ही नहीं बल्की देश-विदेश में जाना जाता है।
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि डॉक्टर कुड़ियाल भारतीय चिकित्सा संघ में अपने अध्यक्ष कार्यकाल में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे तथा उनके कुशल व्यवहार सौम्य स्वभाव के कारण उत्तराखंड को नई पहचान मिलेगी।
उक्रांद महामंत्री ने डॉक्टर कुड़ियाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने केवल उत्कृष्ट डॉक्टरी सेवा ही प्रदान नहीं की बल्कि समाज सेवा में भी बढ़कर भाग लिया और हर वर्ग को अपने से जोड़े रखा, यह उनकी खासियत है।
सुश्री रावत ने कहा कि हमें और आने वाली युवा पीढ़ी के लोगों को डॉक्टर कुड़ियाल से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है जिन्होंने देश-विदेश की सेवा छोड़कर अपने राज्य को अपने कर्म स्थल के रूप में चुना ।
डॉ. कुड़ियाल ने साबित कर दिखाया कि उत्तराखंड मे पलायन सोच से हटकर अपने राज्य और देश के लिए बहुत कुछ किया जा सकता है जिससे हमारे राज्य के लोगों को एवं उसकी पहचान को नई ऊंचाइयों की क्षितिज पर स्थापित किया जा सके। इस अवसर पर सुश्री रावत ने उनके दीर्घायु होने की कामना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित