खरगोन , जुलाई 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्त्रधारा पर्यटन स्थल पर नर्मदा नदी के तेज बहाव में बह गए इंदौर निवासी एक युवक का शव करीब 25 घंटे बाद चट्टानों के बीच से बरामद किया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि मृतक की पहचान इंदौर के निपानिया निवासी अर्पित हाड़ा (30) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र, छोटे भाई और भाभी के साथ रविवार को महेश्वर घूमने आया था। शाम करीब चार बजे सहस्त्रधारा में स्नान के दौरान वह प्रतिबंधित क्षेत्र में चला गया और नर्मदा की तेज धारा में बह गया।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय बचाव दल ने तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन रविवार देर शाम तक सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान शाम को उसका शव सहस्त्रधारा क्षेत्र में चट्टानों के बीच फंसा मिला।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक वीडियो रील बनाने के लिए बार-बार नदी में छलांग लगा रहा था। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। युवक इंदौर में वर्मी कम्पोस्ट बनाने का कार्य करता था।

थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के समय मौजूद लोगों ने युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह नदी में बह गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

महेश्वर की एसडीएम पूर्वा मंडलोई ने बताया कि सहस्त्रधारा क्षेत्र में पहले से चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड्स लगाए गए हैं, लेकिन कई पर्यटक सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी कर प्रतिबंधित क्षेत्र में चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान सहस्त्रधारा पर्यटन स्थल को आम लोगों के लिए बंद किया जाएगा। साथ ही स्थायी रूप से गोताखोरों की तैनाती और अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित