खरगोन , जुलाई 6 -- भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को खरगोन जिले के ऐतिहासिक नगर महेश्वर और ओंकारेश्वर का दौरा कर महेश्वर की सदियों पुरानी हथकरघा परंपरा, बुनकरों की कला और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक धरोहर और शिल्प परंपरा पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत है।
महेश्वर स्थित रेहवा सोसाइटी में बुनकरों से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के इन अनमोल खजानों को प्रत्यक्ष रूप से देखना उनके लिए प्रेरणादायक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन काल से उत्कृष्ट साड़ियों और वस्त्रों की बुनाई की समृद्ध परंपरा रही है, जिसे आज भी कुशल शिल्पकार पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जीवित रखे हुए हैं। बुनकरों को करघे पर कार्य करते देख उन्हें इस जीवंत विरासत को निकट से समझने का अवसर मिला।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अहिल्याबाई किले की स्थापत्य कला की भी सराहना करते हुए कहा कि किले की दीवारों पर उकेरी गई नक्काशी और कलात्मक आकृतियां अद्भुत हैं। यही कलात्मकता महेश्वरी साड़ियों के डिजाइनों और रंगों में भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिल्पकार देश का गौरव हैं और उनकी कला को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें मां नर्मदा, भगवान बनेश्वर और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला। उनके अनुसार महेश्वर के ऐतिहासिक स्मारक, अहिल्याबाई किले की नक्काशी और महेश्वरी साड़ियों की बुनाई भारत की सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक हैं। देश को उन कारीगरों पर गर्व है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी इन परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं।
इससे पहले उन्होंने ओंकारेश्वर पहुंचकर ममलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा देश के सभी मतदाताओं के कल्याण, लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।
दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपनी पत्नी के साथ महेश्वर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने नर्मदा घाट, नदी के मध्य स्थित बनेश्वर मंदिर, अहिल्याबाई किला और अहिल्याबाई गादी संग्रहालय का अवलोकन किया। रेहवा सोसाइटी में उन्होंने महेश्वरी साड़ियों की पारंपरिक बुनाई प्रक्रिया देखी, स्थानीय बुनकरों से संवाद किया तथा अपनी पत्नी के लिए एक महेश्वरी साड़ी भी खरीदी।
महेश्वर पहुंचने पर खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल ने मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया। इस अवसर पर संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आर.पी.एस. जादौन, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हेमलता सोलंकी, अनुविभागीय दंडाधिकारी पूर्वा मंडलोई सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित