बालाघाट , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश में बालाघाट जिले के तिरोड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम महेकेपार में मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक मकान में आग लगने से चार लोग झुलस गए। आग से मकान और उसमें संचालित प्लास्टिक व बर्तनों की दुकान का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवार के अनुसार अग्निकांड में करीब 20 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महेकेपार के वार्ड क्रमांक 09 निवासी नारायण कोटेकार अपने मकान में प्लास्टिक और बर्तनों की दुकान संचालित करते हैं। दुकान में प्लास्टिक का सामान अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग और धुएं के कारण परिवार के सदस्य मकान के अंदर फंस गए। लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मशक्कत के बाद परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला। इस दौरान परिवार के चार सदस्य आग और धुएं की चपेट में आकर झुलस गए।
घटना की सूचना महेकेपार पुलिस चौकी को दी गई। चौकी से सूचना मिलने पर तिरोड़ी थाना प्रभारी पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं कटंगी नगर पंचायत को सूचना मिलने पर दमकल वाहन को महेकेपार भेजा गया। दमकल कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक मकान और दुकान में रखा अनाज, राशन सामग्री, कपड़े, बिस्तर, सोफा, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दुकान का अन्य सामान जल चुका था।
ग्रामीणों ने चारों घायलों को निजी वाहनों से उपचार के लिए महाराष्ट्र के तुमसर भेजा। इनमें दो घायलों का तुमसर के अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि दो बच्चियों को ऑक्सीजन की कमी और सांस लेने में तकलीफ के कारण गंभीर हालत में भंडारा अस्पताल रेफर किया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।
तिरोड़ी पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। तहसील प्रशासन ने भी घटना का संज्ञान लिया है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करेगी और पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने की कार्रवाई करेगी। घटना के बाद महेकेपार गांव में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित