महेंद्रगढ़ , मई 21 -- हरियाणा के महेंद्रगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना के तहत कायमपुरा मोहल्ले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने 70 वर्षीय मां की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद सुनील कुमार घर से निकल गया और सब्जी मंडी के पास मंदिर के नजदीक करीब 50 फुट गहरे कुएं में छलांग लगा दी।
सुबह मंडी पहुंचे लोगों ने उसे कुएं में कूदते देखा और पुलिस को सूचना दी। सिटी थाना पुलिस ने करीब सात बजे उसे बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
पड़ोसियों के अनुसार सुनील शराब पीने का आदी था और अक्सर मां ब्रह्मादेवी से झगड़ा करता था। आशंका है कि बुधवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। सुनील के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और मां-बेटा साथ रहते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित