पौड़ी , अगस्त, 01 -- उत्तराखंड में महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संचालित मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना एवं उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त प्रस्तावों पर शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त सात प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उत्तराखंड महिला समेकित विकास योजना के अंतर्गत पांच तथा मुख्यमंत्री महिला समेकित सतत् आजीविका योजना के अंतर्गत दो प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किए गए। समिति ने सभी प्रस्तावों का शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षण किया। पात्र पाए गए प्रस्तावों को अग्रिम कार्रवाई एवं अंतिम स्वीकृति के लिए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, उत्तराखंड के निदेशालय को भेजने का निर्णय लिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने प्रस्तावकों से उनके स्वरोजगार संबंधी प्रस्तावों, प्रस्तावित गतिविधियों तथा वित्तीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने योजनाओं को अधिक व्यवहारिक एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित