धार , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में एक महिला को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने और सामूहिक दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि ग्राम कुन्दा में उसके खेत के पास रहने वाले परिवार द्वारा जेसीबी से जमीन समतल की जा रही थी, जिसके दौरान उसकी बाउंड्री को नुकसान पहुंचाया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी अमित, गोपाल और असुबाई ने पहले मारपीट की, इसके बाद अतिना और हेमा भी मौके पर पहुंच गईं और उन्होंने भी गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान महिला को बंधक बनाकर उसके साथ अभद्रता की गई और दुष्कर्म का प्रयास किया गया।

महिला ने बताया कि घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। बाद में पीड़िता ने अपने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। धामनोद पुलिस ने आरोपी अमित, गोपाल, असुबाई, अतिना और हेमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित