रांची , अक्टूबर 09 -- झारखंड के लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र के मेलम गांव निवासी एक महिला ने बरियातू थाना पुलिस पर बिना वजह मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है। उन्होंने लातेहार के एसपी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
मेलम गांव निवासी मुनिया देवी ने बताया कि वह 6 अक्टूबर को बकरी चरा रही थी। इसी दौरान सादे कपड़ों में बरियातू थाना के कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उसे अफीम तस्कर बताते हुए मारपीट करने लगे। महिला के अनुसार, जब उसने और मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर थाने ले गए। वहां भी उनके साथ मारपीट की गई।
महिला का आरोप है कि बाद में जब उसके खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं हुआ, तो उसे थाने से छोड़ दिया गया।
घटना के बाद गुरुवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और कथित तौर पर मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत पर एसपी ने मामले की त्वरित जांच कराने का आश्वासन दिया। पुलिस ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने त्वरित संज्ञान लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से लातेहार पुलिस को टैग करते हुए पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लातेहार पुलिस ने मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बालूमाथ और एक महिला पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जांच दल का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित