बैतूल , मई 24 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की बोरदेही पुलिस ने महिला से दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी ने महिला को उधार लिए गए पैसे लौटाने के बहाने अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 21 मई 2026 को थाना बोरदेही में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 07 जनवरी 2026 से 26 फरवरी 2026 के बीच आरोपी ने पैसे लौटाने के नाम पर उसे विभिन्न स्थानों पर बुलाया और गलत कार्य किया। जिसके आधार के आधार पर थाना बोरदेही में अपराध क्रमांक 96/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम), 126(2) और 351(3) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार प्रयासों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलाराम पिता छन्नूलाल अखंडे (30) निवासी ग्राम बिसीघाट, थाना बोरदेही के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय आमला में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में उपजेल मुलताई भेज दिया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम वट्टी, पुलिस टीम और साइबर सेल बैतूल की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित