आजमगढ़ , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेशमेंके आजमगढ़ जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से जेवर लूटने वाले शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके एक सहयोगी सुनार को भी गिरफ्तार कर लूटे गये जेवर बरामद कर लिये हैं।
पुलिस उपाधीक्षक लालगंज भूपेश कुमार पांडे ने मंगलवार को बताया कि देवगांव पुलिस 17-18 अगस्त की रात संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक शातिर अपराधी अवैध असलहे के साथ मोटरसाइकिल से पल्हना-लहुवां मार्ग की ओर आने वाला है।
सूचना पर पुलिस टीम ने नसीरपुर पुलिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान शमीम उर्फ सूरज उर्फ मुमताज उर्फ बब्लू यादव उर्फ समीर अंसारी निवासी वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुछ दिन पहले लालगंज तहसील के सामने एक महिला को उसके बेटे को नौकरी दिलाने का झांसा देकर केराकत ले जाकर उसके कान के टप्स और सहारा लूट लिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, कारतूस, एक मोटरसाइकिल, पीली धातु का कान का सहारा तथा 850 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने लूटे गये टप्स एक सुनार को देने की जानकारी दी। इसके आधार पर पुलिस ने दिनेश वर्मा निवासी सैदपुर, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक जोड़ी पीली धातु के टप्स बरामद कर लिये। पुलिस के अनुसार शमीम उर्फ सूरज के विरुद्ध चंदौली और वाराणसी कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में चोरी, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित