मऊ , अगस्त 29 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से चेन छिनैती के मामले में पुलिस ने दो वांछित बदमाशों को अलग-अलग मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, नकदी, चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने बताया कि शुक्रवार को घोसी पुलिस टीम ने गोफा पुलिया के पास घेराबंदी कर अभियुक्त सूरज कुमार पुत्र रामानंद को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, सूरज ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी ले जाया गया।

पुलिस ने सूरज के कब्जे से पीली धातु की एक चेन, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। इससे पहले गुरुवार को पुलिस ने एक अन्य आरोपी राकेश राजभर को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, राकेश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 6,100 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के खिलाफ मॉर्निंग वॉक के दौरान महिला से चेन छिनैती के मामले में मुकदमा दर्ज था। घोसी कोतवाली में दर्ज मुकदमा मु.अ.सं. 362/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित