भिवानी , अक्टूबर 19 -- हरियाणा के भिवानी में सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी की टीम ने महिला से सोने-चांदी के आभूषण ठगने के मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 13 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।

गांव बड़ाला निवासी कमला पत्नी साधु राम ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 8 अक्टूबर 2026 को वह आंखों का इलाज करवाने के लिए भिवानी आई थी। अस्पताल से पैदल लौटते समय फैंसी चौक के पास दो व्यक्ति और एक महिला उसे मिले। आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति के बारे में झूठी बातें बताकर उसे विश्वास में लिया और अपने साथ ले गए।

आरोपी उसे बस स्टैंड की तरफ ले जाते हुए राधा स्वामी सत्संग भवन के पास पार्क में बैठा ले गए। वहां महिला आरोपी ने रुपयों की जरूरत बताकर उससे 600 रुपये ले लिए। इसी दौरान आरोपियों ने धोखे से उसके कानों की सोने की बालियां, सोने की तबीजी और चांदी की पाजेब की जोड़ी उतरवा ली और फरार हो गए।

मामले की जांच करते हुए एएसआई सुशील कुमार के नेतृत्व में सीआईए स्टाफ प्रथम की टीम ने पारो निवासी जेजे कॉलोनी, दिल्ली, प्रभु निवासी सुल्तानपुरी, नई दिल्ली और संजय निवासी जेजे कॉलोनी, दिल्ली को गिरफ्तार किया। महिला आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जिला कारागार भेज दिया गया, जबकि प्रभु और संजय को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान दोनों से एक-एक हजार रुपये बरामद हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित