बालोद , मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक सरकारी स्कूल के शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के खिलाफ एक महिला से कथित रूप से अशोभनीय व्यवहार और अनुचित प्रस्ताव देने का मामला सामने आज आया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, डौंडी क्षेत्र स्थित बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर पर आरोप है कि उन्होंने रास्ते से गुजर रही एक महिला के साथ आपत्तिजनक बातचीत की और कथित रूप से पैसों का लालच देकर अनुचित संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा।

घटना से आहत महिला ने तत्काल डौंडी थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जाएगी। सूत्रों के अनुसार आरोपी पूर्व में जिला स्तर पर खेल अधिकारी के रूप में भी कार्य कर चुका है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित