वाराणसी , अगस्त 14 -- वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना पुलिस ने तांत्रिक अनीश उपाध्याय हत्याकांड का शुक्रवार को खुलासा करते हुए छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का स्टूल, घरेलू गैस सिलेंडर, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है। हत्या के दौरान म्यूजिक सिस्टम को तेज आवाज में चलाकर वारदात को अंजाम दिया गया था।

आरोपियों के परिवार की महिलाओं के साथ तांत्रिक अनीश उपाध्याय द्वारा अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया गया। जिसके चलते उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार पिछली नौ जुलाई को अनीश उपाध्याय की पत्नी ने उनके लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। इसके बाद 13 अगस्त को उन्होंने नामजद आरोपियों पर पति की हत्या कर शव छिपाने तथा साक्ष्य नष्ट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस के अनुसार, एक जुलाई को तांत्रिक अनीश उपाध्याय की हत्या हुई थी। पांच जुलाई को लंका थाना क्षेत्र के डाफी टोल प्लाजा के पास झाड़ियों में सड़ा गला शव बरामद हुआ था। शव को कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। नौ जुलाई को मृतक के हाथों पर जो टैटू बना था, उससे पहचान हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि परिवार में गरीबी और बीमारी की समस्या दूर करने के लिए उन्होंने अनीश उपाध्याय से पूजा-पाठ कराया था। समस्याएं कम होने के बजाय बढ़ने और एक परिजन की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने हत्या की साजिश रची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित