आइची-नागोया (जापान) , सितंबर 27 -- महिला सेबर टीम के रविवार को क्वार्टर-फ़ाइनल से बाहर होने के बाद, एशियाई खेल 2026 में भारत का तलवारबाजी अभियान बिना पदक के खत्म हो गया। आज यहां भवानी देवी, श्रेया गुप्ता, जेफरलिन जेएस और श्रुति जोशी वाली भारतीय टीम ने राउंड ऑफ 16 में इंडोनेशिया को 45-23 से हराया, लेकिन क्वार्टर-फाइनल में उज्बेकिस्तान से 45-35 से हार गई।
आइची-नागोया में टीम स्पर्धा में भारत का यह तीसरा क्वार्टर-फ़ाइनल था। इससे पहले पुरुषों की सेबर और महिलाओं की फ़ॉइल टीमें भी अंतिम आठ में पहुंची थीं। ओलंपियन भवानी देवी इससे पहले महिलाओं की व्यक्तिगत सेबर स्पर्धा में राउंड ऑफ़ 16 तक पहुँची थीं।
पूल स्टेज में तीन हार के बाद भवानी ने कजाकिस्तान की आइगेरिम सरीबे और थाईलैंड की अरिसारा सोमफाओ को हराकर वापसी की और फिर राउंड ऑफ़ 32 में मंगोलिया की ओलेन तुग्सजार्गल को 15-8 से हराया।
उनका व्यक्तिगत अभियान राउंड ऑफ़ 16 में चीन की राव ज़ुई (जो 2026 वर्ल्ड चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता) से 15-5 की हार के साथ खत्म हुआ।
श्रेया गुप्ता भी महिलाओं की सेबर स्पर्धा के राउंड ऑफ 16 तक पहुंचीं, लेकिन वहां उन्हें कोरिया गणराज्य की पेरिस 2024 ओलंपिक रजत पदक विजेता जियोन हा-यंग से 15-6 से हार का सामना करना पड़ा।
आइची-नागोया 2026 में 10 व्यक्तिगत स्पर्धा में से कोई भी भारतीय फ़ेंसर क्वार्टर-फ़ाइनल तक नहीं पहुँच सका।
टीम इवेंट्स में, पुरुषों की सेबर स्पर्धा के राउंड ऑफ़ 16 में गिशो निधि कुमारेशन पद्मा, करण सिंह और लक्ष्य बडसर ने फिलीपींस को 45-27 से हराया, लेकिन क्वार्टर-फ़ाइनल में दक्षिण कोरिया से 45-25 से हार गए। जॉयस अशिता स्टालिनराज, सोनिया देवी वाइखोम, कनुप्रिया चावला और मीना देवी नाओरेम की महिला फ़ॉइल टीम ने इंडोनेशिया को 45-24 से हराया, लेकिन क्वार्टर फ़ाइनल में जापान से 45-14 से हार गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित