कानपुर नगर , अक्टूबर 15 -- शारदीय नवरात्र एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर आज मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय स्थित यूटिलिटी सभागार में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, महिला सुरक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 41 महिलाओं एवं 21 महिला पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक घाटमपुर सरोज कुरील, विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी, महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह तथा राज्य महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने महिला आरक्षण के माध्यम से निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की पहल के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान के तीन प्रमुख स्तंभ महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन निरंतर सुदृढ़ हुए हैं। प्रदेश सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने, समाज में उनका सम्मान बढ़ाने तथा शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मिशन शक्ति अभियान से महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि समाज और राष्ट्र के विकास में आधी आबादी की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है, वहीं राशन कार्ड में महिलाओं को परिवार की मुखिया के रूप में प्राथमिकता देने, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और स्वयं सहायता समूहों जैसी पहलों से महिलाओं का सम्मान एवं आर्थिक सशक्तीकरण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार में महिलाओं का सम्मान होता है, वहां सुख और समृद्धि का वास होता है।
विधायक घाटमपुर सरोज कुरील ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, खेल, प्रशासन, सुरक्षा और उद्यमिता सहित प्रत्येक क्षेत्र में सफलता का परचम लहरा रही हैं। नारी किसी से कमजोर नहीं है। अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर महिलाएं हर चुनौती का सामना करने तथा समाज को नई दिशा देने में सक्षम हैं।
विधायक गोविंद नगर सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता विकसित समाज की आधारशिला है। मिशन शक्ति अभियान ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ समाज में उनकी सक्रिय भागीदारी बढ़ाने का कार्य किया है।
इस अवसर पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव, एडीसीपी स्नेहा तिवारी, जिला विकास अधिकारी ए.पी. रस्तोगी, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास सिंह तथा डीपीओ प्रीति सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित