पटना, अप्रैल 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने विधायिका में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने से संबंधित 131वां संविधान संशोधन विधेयक 2026 को लोकसभा पारित नहीं होने पर गहरी निराशा व्यक्त करते हुए विपक्षी दलों पर हमला किया और कहा कि विपक्ष महिला सशक्तीकरण का घोर विरोधी है।

श्री मिश्र ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि विपक्षी दलों के लोग नहीं चाहते कि विधायिका में महिलाओं को उचित भागीदारी मिले। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने महिला आरक्षण से संबंधित विधेयक को लोकसभा में गिराकर अपने पैर में कुल्हाड़ी मारी है। इसका खामियाजा विपक्षी दलों को लंबे समय तक भुगतना होगा। आधी आबादी देख चुकी है कि कौन उसकी राह में रोड़ा है।

श्री मिश्र ने कहा कि विपक्ष ने शुक्रवार को लोकसभा में 131वां संविधान संशोधन विधेयक 2026 को गिराने का जो कुकृत्य किया है, उसका फल सबसे पहले पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भुगतना होगा। असम में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जाएगा और पश्चिम बंगाल में टीएमसी की करारी हार होगी। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में कमल खिलेगा। देश की महिलाएं विपक्षी दलों को कभी माफ नहीं करेगी।

श्री मिश्र ने कहा कि एक तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार महिला सशक्तीकरण के लिए कृत संकल्पित होकर ज़ोरदार प्रयास कर रही है, वहीं विपक्ष विरोध की राजनीति कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित