जौनपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने शुक्रवार को जौनपुर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन एवं महिला जनआक्रोश मार्च में सहभागिता की और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
जौनपुर के प्रभारी ए के शर्मा शुक्रवार को टीडी कॉलेज के मैदान में महिला शक्ति वंदन रैली की शुरुआत होने से पूर्व महिलाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" जैसे अभियान के माध्यम से समाज में नई जागरूकता पैदा की है। मंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण बिल को पारित कराने का गंभीर प्रयास किया गया, लेकिन राजनीतिक असहयोग के कारण यह संभव नहीं हो सका। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह बिल अवश्य पारित होगा और महिलाओं की भागीदारी संसद में सुनिश्चित की जाएगी।इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य श्रीमती सीमा द्विवेदी एवं बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित