वाराणसी , अगस्त 27 -- रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को शास्त्री घाट पर पंचायती राज विभाग की महिला सफाई कर्मचारियों ने पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर की तस्वीर को राखी बांधकर अपनी लंबित मांगों के समाधान की मांग उठाई।
महिला कर्मचारियों ने राखी बांधकर सरकार और विभाग का ध्यान लंबे समय से लंबित अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित किया। महिला सफाई कर्मचारियों ने बताया कि 20 दिसंबर 2024 को लखनऊ स्थित पंचायती राज निदेशालय में किए गए वादों के तहत उनकी तीन प्रमुख मांगों को पूरा किया जाना चाहिए। इनमें सफाई कर्मचारियों के लिए विभागीय सेवा नियमावली बनाए जाने, पदनाम परिवर्तन सहित अन्य मांगें शामिल हैं। कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों के समाधान के लिए प्रयासरत हैं।
रक्षाबंधन के अवसर पर मंत्री की तस्वीर को राखी बांधते हुए महिला कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनके हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए पूर्व में किए गए वादों को जल्द पूरा करेगी। कार्यक्रम में जिला संगठन मंत्री संगीता वर्मा, सरिता राजभर, ब्लॉक मंत्री जिराती पटेल, सुदामा देवी समेत अन्य महिला सफाई कर्मचारी मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित