भोपाल , अप्रैल 27 -- भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी परांजपे ने कहा कि 'नारी शक्ति वंदन' अधिनियम के समर्थन में महिला मोर्चा 28 अप्रैल को भोपाल में मशाल जुलूस निकालेगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि यह मशाल जुलूस शाम पांच बजे सोमवारा पुलिस चौकी से प्रारंभ होकर सुभाष चौक होते हुए लखेरापुरा तक जाएगा। जुलूस में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, महिला मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल होंगी।
उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही का अवलोकन कर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को समझा और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
श्रीमती परांजपे ने आरोप लगाया कि 'नारी शक्ति वंदन' अधिनियम का विरोध महिलाओं के अधिकार और सम्मान का हनन है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और विपक्षी दलों को इसका जवाब देंगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रयास किया गया, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने इसका विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को बाधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित