रायपुर , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद रूपकुमारी चौधरी और पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के सोमवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

सुश्री चौधरी और श्री म्हस्के ने स्मृति मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा भाजपा के पितृ पुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

सुश्री चौधरी ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने एक साधारण कार्यकर्ता पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, परिश्रम और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को साकार करने में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिला मोर्चा संगठन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ महिलाओं के स्वाभिमान, स्वावलंबन और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करेगा।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

भाजपा सोशल मीडिया के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक एवं छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

श्री म्हस्के ने डिजिटल संचार तंत्र को और मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय सूचना और डिजिटल क्रांति का है। भाजपा का सोशल मीडिया विभाग केवल सूचनाएं साझा करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच सशक्त सेतु के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और प्रदेश भाजपा संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, प्रदेश मंत्री अमित साहू, प्रदेश कार्यालय मंत्री अशोक बजाज, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, महासमुंद जिला अध्यक्ष येतराम, महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू, प्रदेश प्रवक्ता किरण बघेल, उज्ज्वल दीपक, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी, आईटी प्रदेश संयोजक सुनील पिल्लई, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष कृतिका जैन सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित