रायगढ़ , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला मित्र से मिलने गए एक युवक की कथित मारपीट के बाद मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) आठ सितंबर की रात ट्रांसपोर्ट नगर में अपनी महिला मित्र से मिलने गया था। वहां मौजूद राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने कथित तौर पर उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया और आरोपियों ने शिवा के साथ हाथ-मुक्कों तथा लात-घूंसों से मारपीट की।

मारपीट के बाद शिवा वहां से अपने एक दोस्त के पास गया और बाद में घर लौट आया। घर पहुंचने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट के कारण हेमरेजिक शॉक से मौत होने की बात सामने आई। इसके आधार पर जूटमिल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने राजू महंत (35) और कृष्णा साव (35) को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार मामले में तीसरा आरोपी धन्नू निषाद फरार है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित