मुम्बई , नवंबर 04 -- महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2027 की शुरुआत 14 जनवरी से होगी। टूर्नामेंट के पहले मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना वडोदरा में मुंबई इंडियंस से होगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बुधवार को डब्ल्यूपीएल के पांचवें सीजन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया। यह देश की प्रमुख फ्रेंचाइजी-आधारित टी-20 क्रिकेट लीग है।
महिला प्रीमियर लीग सीजन के शुरुआती 11 मैच वडोदरा में खेले जाएंगे, जबकि अगले 11 मैचों की मेजबानी मुंबई करेगा, जिसमें सात फरवरी को होने वाला फाइनल भी शामिल है।
डब्ल्यूपीएल की पांच टीमें - मुंबई इंडियंस , रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, दिल्ली कैपिटल्स , गुजरात जायंट्स और यूपी वॉरियर्स लीग चरण के दौरान एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। यह चरण 3 फरवरी को समाप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित