भिण्ड , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के लहार अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) महेंद्र सौजन्या पर पटवारियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और समीक्षा के नाम पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगे हैं। मामले को लेकर मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला भिण्ड ने कलेक्टर के नाम अपर कलेक्टर एलके पाण्डेय को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष विनायक तोमर ने आरोप लगाया कि 08 सितंबर की समीक्षा के दौरान एसडीएम ने पटवारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि करीब 30 किलोमीटर दूर से आए पटवारियों को शाम 7.30 बजे यह कहकर वापस भेज दिया गया कि अब अगले दिन आएं। संघ ने अधिकारियों को मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित करने की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी कि कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर कलम बंद हड़ताल की जा सकती है।
लहार क्षेत्र की एक महिला पटवारी ने आरोप लगाया कि एसडीएम सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा सामूहिक रूप से करने के बजाय शाम 5.30 बजे के बाद पटवारियों को एक-एक कर अपने चेंबर में बुलाते हैं। महिला पटवारी के अनुसार 25 अगस्त को अपनी बात रखने के दौरान एसडीएम ने उनसे कथित रूप से अमर्यादित भाषा में बात की।
उन्होंने आरोप लगाया कि 08 सितंबर की बैठक में भी जब वह नायब तहसीलदार के पास बैठकर अपनी शिकायत बता रही थीं, तब एसडीएम ने उनके बैठने को लेकर अभद्र लहजे में सवाल किया। महिला पटवारी ने कहा कि संघ समीक्षा का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन समीक्षा सामूहिक रूप से की जानी चाहिए और पटवारियों को अकेले चेंबर में नहीं बुलाया जाना चाहिए।
ज्ञापन में संघ ने कहा कि यदि अधिकारियों का रवैया सिविल सेवा आचरण नियमों के अनुरूप नहीं रहा तो पटवारी संघ काम बंद हड़ताल के लिए विवश होगा। एसडीएम महेंद्र सौजन्या ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्होंने पटवारी को कार्यालयीन समय में ही बुलाया था और पूरी तरह मर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
उन्होंने कहा कि लहार में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरण सबसे अधिक लंबित हैं और इन्हीं के संबंध में चर्चा की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी सही तरीके से काम नहीं करना चाहते और किसानों की समस्याओं को लेकर काम करने के लिए कहे जाने पर विरोध कर दबाव बनाने का प्रयास करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित