भरतपुर , अक्टूबर 31 -- दिल्ली-मुंबई के बीच बांद्रा टर्मिनस-अमृतसर गोल्डन टेंपल मेल में सूरत से मथुरा का सफर कर रही एक गर्भवती महिला ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद चलती ट्रेन में ही एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बाद में रेलवे प्रशासन ने जच्चा और बच्चा दोनों को भरतपुर सम्भाग में गंगापुर सिटी के रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया।

कोटा रेल मंडल के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 28 वर्षीय निशा साहनी अपने पति रतन साहनी के साथ ट्रेन के थर्ड एसी कोच में यात्रा कर रही थीं। ट्रेन जब मध्य प्रदेश क्षेत्र में नागदा और शामगढ़ स्टेशनों के बीच गुजर रही थी तभी उन्हें तेज प्रसव पीड़ा हुई। कोच में सफर कर रही अन्य महिला यात्रियों की मदद से चलती ट्रेन में ही सामान्य प्रसव सुरक्षित तरीके से संपन्न हो गया।

कोच में मौजूद टीटीई की कंट्रोल रूम को भेजी सूचना पर कोटा में रेलवे मेडिकल के चिकित्सकों ने नवजात और प्रसूता की प्राथमिक जांच की। परिवार ने स्वास्थ्य ठीक लगने पर सफर जारी रखने की इच्छा जताई, लेकिन जैसे ही ट्रेन सवाई माधोपुर के पास पहुंची महिला की तबीयत फिर बिगड़ने लगी ऐसे में उसे गंगापुर सिटी उतार कर रेलवे अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित