खरगोन , फरवरी 26 -- मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के झिरन्या विकासखण्ड के शिवना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ के अभाव में एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के बाहर ही एक शिशु को जन्म दिया है। इस घटना को लेकर सीएमएचओ खरगोन ने पांच सदस्यीय दल के जांच प्रतिवेदन के बाद चिकित्सा अधिकारी और दो अन्य स्टाफ के विरुद्ध कार्रवाई की है।

सीएमएचओ खरगोन दौलत सिंह चौहान ने बताया की शिवना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बुधवार तड़के डिलीवरी के मामले में खरगोन से एक पांच सदस्यीय टीम भेज कर जांच करायी गयी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने संबंधित लोगों को कारण बताओं नोटिस भी दिए थे।

उन्होंने बताया कि जांच प्रतिवेदन के आधार पर मेडिकल ऑफिसर डॉ साक्षी सोनी का 10 दिन, एएनएम अन्नपूर्णा चौहान का 15 दिन और जीएनएम रजनी का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं।

झिरन्या के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर दीपक शस्त्रे ने बताया कि घटना का पता चलते ही वे शिवना पहुंचे और उन्होंने चिकित्सा अधिकारी और दो महिला नर्स को कारण बताओं नोटिस दिए हैं। उन्होंने बताया कि एएनएम अन्नपूर्णा चौहान अर्न लीव सेक्शन हुए बगैर ही 15 दिन पहले अवकाश पर चली गई थी। इसके चलते दूसरी नर्स पर वर्कलोड आ गया था। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दूसरी नर्स को अवकाश दिया गया था। इसी बीच रात को एक केस आया, जिसे नजदीकी पीएचसी केंद्र गुराडिया भेजा गया, जहां प्रसव हुआ।

उन्होंने कहा कि कल तड़के एक महिला टेढ़ निवासी 19 वर्षीय बाइसू बाई को यहां लाया गया, लेकिन दुर्भाग्य जनक रूप से अस्पताल के बाहर ही उसकी डिलेवरी करानी पडीं। उसे 2.9 किलोग्राम वजन का बालिका शिशु हुआ है। उन्होंने बताया कि जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

बाइसू बाई के पति रवींद्र भूरिया ने बताया कि करीब पांच बजे प्रसव पीड़ा के चलते पत्नी को केंद्र में लाये लेकिन एक घंटे तक भी कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला। सुबह छह बजे तक डॉक्टर, नर्स या अन्य स्वास्थ्यकर्मी के नहीं पहुंचने के कारण महिला को स्वास्थ्य केंद्र के बाहर ही नवजात को जन्म देना पड़ा।

परिजनों के अनुसार उन्होंने स्टाफ को बुलाने और संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। हालात ऐसे बने कि खुले परिसर में ही डिलेवरी करानी पड़ी। डिलेवरी के एक घंटे बाद तक भी अस्पताल स्टाफ नहीं पहुंचा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित