पटना , मार्च 08 -- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल विभाग और पटना जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को फिट इंडिया वीमेंस वीक के तहत 'संडेज ऑन साइकिल' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों के नोडल पदाधिकारी और पटना के उप-विकास आयुक्त श्रीकांत कुण्डलिक खंण्डेकर ने बताया कि महिला स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिट इंडिया कार्निवल और फिट इंडिया वीमेंस वीक के अंतर्गत इस तरह के आयोजन किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ- साथ फिट रहने के लिये प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों की छात्राओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
'संडेज ऑन साइकिल' कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश और सोमेश्वर राव चव्हान ने युवा आवास, फ्रेज़र रोड से हरी झंडी दिखाकर किया। साइकिल रैली फ्रेज़र रोड गोलंबर, जेपी गोलंबर, बिस्कोमान भवन, जिलाधिकारी आवास, आयुक्त कार्यालय और गोलघर होते हुये जेपी सेतु के रास्ते दीघा गोलंबर पर समाप्त हुई।
पूरे मार्ग में प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान महिलाओं ने फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। आयोजन को सफल बनाने में खेल विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित