अबुजा , मार्च 21 -- रवांडा की फ़ैनी उतागुशीमानिंदे महिला टी20 डेब्यू में शतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज़ बनीं। उन्होंने घाना के ख़िलाफ़ नाइजीरिया इनविटेशनल महिला टी20 टूर्नामेंट के एक मुक़ाबले में 65 गेंदों में 111 रनों की नाबाद पारी खेली।
15 साल और 223 दिन की उम्र में उतागुशीमानिंदे महिला टी20 में शतक लगाने वाली सबसे युवा बल्लेबाज भी बनीं।
इससे पहले महिला टी20 डेब्यू में सबसे ज़्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया की कैरेन रॉलटन के नाम था जिन्होंने 2005 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ टांटन में 96 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वह मैच महिला टी20 इतिहास का सिर्फ़ दूसरा ही अंतरराष्ट्रीय मुक़ाबला था।
दूसरी तरफ़ इससे पहले महिला टी 20I में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड यूगांडा की प्रोस्कोविया अलाको के नाम था जिन्होंने 16 साल और 233 दिन की उम्र में माली के ख़िलाफ़ किगाली में 2019 में 116 रनों की पारी खेली थी।
पुरुष क्रिकेट में अभी तक चार बल्लेबाज़ों ने टी20 डेब्यू में शतक लगाया है, लेकिन उसमें से एक भी पूर्ण सदस्य देश से नहीं हैं। कनाडा के मैथ्यू स्पूर्स ने 2022 में फ़िलीपींस के ख़िलाफ़ 108 रनों की नाबाद पारी खेली थी। पुरुष क्रिकेट में फ्रांस के गुस्ताव मैकियोन टी20 में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज़ हैं जिन्होंने यह रिकॉर्ड 18 साल और 280 दिन की उम्र में बनाया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित