दरभंगा , अप्रैल 05 -- महिला क्लब, दरभंगा के तत्वावधान में रविवार को स्थानीय लक्ष्मीसागर मुहल्ला में महिलाओं के लिए निशुल्क चिकित्सा जांच, दवा वितरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और आवश्यक दवाएं एवं सेनेटरी नैपकिन प्राप्त की। शिविर में उपस्थित विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिलाओं की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन आदि की जांच शामिल रही। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर महिला चिकित्सकों ने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की महत्वपूर्ण सलाह दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए, जिससे किसी भी बीमारी का समय पर पता चल सके। चिकित्सकों ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, हरी सब्जियां, फल और पर्याप्त पानी के सेवन पर जोर दिया।इसके साथ ही महिलाओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, प्रतिदिन हल्का व्यायाम या योग करने, पर्याप्त नींद लेने और मानसिक तनाव से दूर रहने की सलाह दी गई। गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर जांच कराने एवं आवश्यक टीकाकरण कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
चिकित्सकों ने कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के शिविर समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित