देहरादून , दिसंबर 24 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि कांग्रेस महिला को हथियार बनाकर मातृशक्ति और अनुसूचित जाति समाज का अपमान कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर अंकिता भंडारी हत्याकांड में आधारहीन राजनीति किए जाने का आरोप लगाया है।

श्री भट्ट ने बुधवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने एक ऐसी महिला को अपना हथियार बनाया है, जिसे उसका पति अपनी पत्नी मानने को तैयार नहीं है। इस महिला का कोई सामाजिक अस्तित्व नहीं है, और ना ही इस महिला का समाज कोई स्थान है। इसी महिला के माध्यम से कांग्रेस दो प्रकार के काम करवा रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुसूचित समाज से आने वाले भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री को अपमानित करने का पहला काम कर रही है, कांग्रेस ने उनको अपमानित करके पूरे अनुसूचित समाज को अपमानित करने का काम किया है।

श्री भट्ट ने कहा कि विपक्षी दल कांग्रेस ने अंकिता भंडारी की मृत्यु के बाद उस मृत आत्मा पर बार बार लांछन लगाने का दूसरा शर्मनाक काम किया है।

उन्होंने कहा कि यह महिला अनेकों बार कई लोगों के नाम ले चुकी है, लेकिन सत्यता यह है कि जब न्यायालय में अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुकदमा चल रहा था,उस समय अगर इस महिला के पास कोई साक्ष्य होते तो वह न्यायालय में इन साक्ष्यों को जरूर प्रस्तुत करती, लेकिन महिला पीठ दिखाकर भाग गई। किंतु आज अंकिता की मृत्यु के पश्चात कांग्रेस एक बार नहीं बल्कि कई बार मृत आत्मा को अपमानित करने का काम कर रही है।

इस महिला की आड़ मे कांग्रेस पार्टी ने अनुसूचित जाति के समाज पर भी लांछन लगाने का शर्मनाक काम किया है। इससे भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चे में व्याप्त आक्रोश है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित