बैतूल , जुलाई 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की सारणी पुलिस ने एक महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार पांच जुलाई को सारणी थाने में शिकायत मिली थी कि एक महिला की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक स्वरूप दिया गया तथा महिला के नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 और 67(ए) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) के तहत मामला दर्ज किया। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर आरोपी विनय पिता सेनापति सिंदूर (33) निवासी सारणी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध साइबर अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है और सोशल मीडिया का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से फर्जी सोशल मीडिया खातों अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित होने की स्थिति में तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने की अपील की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित