अलवर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा कस्बे में परिवार का परिचित बनकर 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सोने के कंगन लेकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि घटना 22 अक्टूबर सुबह की है।तिजारा के दीवानवाड़ी मोहल्ले में हेलमेट पहने मोटर साइकिल पर सवार एक व्यक्ति ने महिला को रास्ते में रोककर उसके परिजन का नाम लिया और उसके कंगन देखकर इसी तरह के कंगन बनवाने के लिए उनका डिजाइन देखने के बहाने महिला से कंगन ले लिये।भरोसे में आई महिला ने दोनों हाथों से कंगन उतारकर उसे दिखाए तो आरोपी कंगन लेकर फरार हो गया।

इसकी शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद आरोपी की पहचान की और टपूकड़ा थाना क्षेत्र में नखनौल गांव में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान चांद मोहम्मद (42) के रूप में हुई है। वह हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) का है। वह दिल्ली, रेवाड़ी, बुलंदशहर, भिवाड़ी और फरीदाबाद में इसी तरीके की करीब 29 वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस अब बुजुर्ग महिला के सोने के कंगनों की बरामदगी और उन्हें खरीदने वाले व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित