नरसिंहपुर , जुलाई 14 -- मध्यप्रदेश में नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और ननद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद हत्या का मामला सामने आया।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 10 जुलाई को कमोद गांव निवासी 30 वर्षीय राघनी उर्फ दुर्गाबाई की मृत्यु की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया था। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति भवानी छिरा ने पुलिस को बताया था कि सब्जी काटने के दौरान चक्कर आने से गिरने के कारण उसकी मौत हुई।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा आगे की जांच के दौरान मामला संदिग्ध पाए जाने पर मृतका के पति, ननद सोनिया सिलावट तथा परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई थी।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में ननद ने कथित रूप से महिला की गला दबाकर हत्या करना स्वीकार किया। वहीं पति पर घटना के साक्ष्य छिपाने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित