सीतापुर , जुलाई 05 -- उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के देहात कोतवाली अंतर्गत एक महिला की दो दिन पहले हुई हत्या के संबंध पुलिस ने तीन मुख्य अभियुक्तों को ग्राम माधवपुर के पास आम के बाग से घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने रविवार देर शाम बताया कि इस हत्या के संबंध में शिव प्रकाश शुक्ला निवासी ग्राम पंचम पुरवा, लक्ष्मी देवी पत्नी अशोक वर्मा, दिलीप कुमार रविदास निवासी पंचम पुरवा कोतवाली देहात को गिरफ्तार किया।

शिव प्रकाश शुक्ला की निशान देही पर महिला के घर के बगल से घटना में प्रयुक्त लोहे का बिलचा बरामद किया। पूछताछ में अभियुक्त बताया कि वह पंचम पुरवा में जीतू गुप्ता के मकान में किराए पर रहता था और बगल में रहने वाली पिंकी गुप्ता से उसके प्रेम संबंध थे। बाद में उसके संबंध ई रिक्शा चालक की पत्नी लक्ष्मी वर्मा से भी हो गए।

लक्ष्मी वर्मा ने पिंकी गुप्ता को रास्ते से हटाने के लिए आरोपी को उकसाया , जिस पर उसने अपने साथी दिलीप कुमार रविदास को हत्याकांड में शामिल कर लिया और तीन जुलाई की सुबह तीनों ने मिलकर पिंकी गुप्ता के घर में जाकर वहां सो रही पिंकी पर बिलचा से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गए।

पुलिस ने गहराई से छानबीन करके तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित