भीलवाड़ा , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के भीमगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या करके उसका शव जलाकर अवशेष नदी में बहाने का मामला सामने आया है।
थाना प्रभारी सुनील चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए मंगलवार को बताया कि वीर सावरकर चौक क्षेत्र की निवासी एक महिला के अचानक लापता होने पर परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष दलों का गठन करके उसकी तलाश शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और फुटेज की मदद से एक संदिग्ध आर के कॉलोनी निवासी रवि तापडिय़ा से पूछताछ की गई तो पुलिस को गुमराह करने के लिये वह झूठी कहानियां गढऩे लगा।
श्री चौधरी ने बताया कि पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने जुर्म कुबूल कर लिया। रवि ने स्वीकार किया कि वह महिला को अपने साथ ले गया था और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सुबूत मिटाने के लिये घर पर ही छत पर आधी रात को महिला का शव जला दिया। अगली सुबह जब चिता ठंडी हुई, तो हड्डियों और अन्य अवशेषों को बाल्टी और प्लास्टिक के कट्टों में भरकर पालड़ी पुलिया के पास ले जाकर नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि तापडिय़ा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके अन्य सहयोगियों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच के साथ-साथ पालड़ी पुलिया के पास नदी में गोताखोरों की मदद से मृतका के अवशेषों को तलाशने के विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सूत्रों का कहना है कि महिला के पास 15-16 तोले सोना था, उसकी हत्या की यह भी वजह हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित