गरियाबंद , सितंबर 20 -- छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के राजिम क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के चार दिन बाद रविवार को पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत पर शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार राजिम ब्लॉक के ग्राम तर्रा निवासी 34 वर्षीय बबीता नवरंगे की 16 सितंबर को मौत हो गई थी। इसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर शव को दफना दिया गया था। महिला के मायके पक्ष ने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पाण्डुका थाने में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की मांग की।

परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन शाम को बबीता को उसके ससुराल में छोड़ा गया था, जिसके बाद रात में उसकी मौत की सूचना मिली। मायके पक्ष ने महिला की मौत के पीछे हत्या की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।

शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में आज शव को कब्र से बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस जांच में महिला से जुड़े पुराने पारिवारिक विवाद के पहलू को भी देखा जा रहा है। बताया गया है कि वर्ष 2019 में बबीता ने अपने पति के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस इस पुराने प्रकरण और वर्तमान घटना के बीच किसी संबंध की भी जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों, मौत से जुड़ी परिस्थितियों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित