पटना , अक्टूबर 15 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि महिला किसानों को सम्मान, समान अवसर और कृषि विकास में उचित भागीदारी दिलाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
कृषि मंत्री ने कहा कि महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उनके कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और सुरक्षित भोजन के प्रति लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।
श्री सिन्हा ने गुरुवार को महिला किसान दिवस-2026 एवं अंतरराष्ट्रीय वर्ष महिला किसान-2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से आई महिला किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीज की बुआई से लेकर रोपाई, निराई, कटाई और फसल प्रसंस्करण तक महिलाएं अहम भूमिका निभाती हैं। उनके श्रम, अनुभव और भागीदारी के बिना कृषि विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए महिला किसानों को कृषि की मुख्यधारा में उचित स्थान देने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना आवश्यक है।
कृषि मंत्री ने कहा कि महिला किसान अपने परिश्रम से परिवार की आजीविका चलाने के साथ राज्य की कृषि व्यवस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाती हैं। महिला किसान दिवस केवल उनके योगदान को सम्मान देने का अवसर नहीं, बल्कि उनकी समस्याओं को समझकर समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने का भी अवसर है। महिला किसानों को योजनाओं की जानकारी, प्रशिक्षण, आधुनिक कृषि उपकरण और आर्थिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि महिला किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार पर पड़ेगा। इससे बच्चों की शिक्षा, परिवार के स्वास्थ्य और ग्रामीण समाज की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। सरकार का प्रयास है कि महिला किसानों को कृषि विकास में समान भागीदारी मिले और वे आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित