भोपाल , जुलाई 11 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में एक 50 वर्षीय महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के दृष्टिगत जांच शुरू कर दी है। शव पर कई स्थानों पर चोट और धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं, जबकि एक कान कटा हुआ मिला है।
पुलिस के अनुसार कल्याण नगर निवासी मथरी बाई उर्फ ममता (50) पत्नी मुंशीलाल जाटव का शव शनिवार तड़के उसके घर से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में शव लगभग 48 घंटे पुराना होने की संभावना जताई गई है। महिला पिछले करीब आठ वर्षों से पति से अलग रह रही थी और सब्जी मंडी में हम्माली का कार्य कर जीवनयापन करती थी।
पुलिस ने बताया कि मृतका के शरीर पर कई स्थानों पर गहरे चोट और कट के निशान मिले हैं। एक कान कटा हुआ था, जबकि एक पैर के घुटने के पीछे तथा दोनों कलाइयों पर भी धारदार चोट के निशान पाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है।
मृतका के पति मुंशीलाल जाटव ने आशंका जताई है कि पत्नी की लूट के उद्देश्य से हत्या की गई है। उनका आरोप है कि महिला के कान के सोने के झुमके सहित घर से कुछ सामान भी गायब है। हालांकि उन्होंने किसी संदिग्ध व्यक्ति या पुरानी रंजिश की जानकारी पुलिस को नहीं दी है।
छोला मंदिर थाना पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने, महिला से अंतिम बार मिलने वालों की जानकारी जुटाने तथा घर से सामान गायब होने के दावे की भी जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित