अलवर , फरवरी 23 -- राजस्थान में अलवर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में रविवार को एक महिला द्वारा ओवर ब्रिज से कूदकर आत्महत्या करने के प्रयास को लोगोें ने विफल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला ने रात करीब नौ बजे तिजारा फाटक ओवर ब्रिज से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने उसे समय रहते पकड़ लिया और समझाकर पुलिस के सुपर्द कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि महिला शारीरिक शिक्षक है जिसे हनी ट्रैप में पांच जुलाई 2025 को कोटपुतली बहरोड़ जिले अंतर्गत बानसूर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। उसे शिक्षा विभाग द्वारा निलंबित किया गया था। महिला अब जमानत पर है। महिला ने आरोप लगाया कि उसे बानसूर थानाधिकारी परेशान कर रहे हैं। उसे झूठे हनी ट्रैप मामले में फंसाया गया। उससे उक्त थानाधिकारी ने पंद्रह लाख में सौदा किया था। आरोपी उसकी वीडियो वायरल करके प्रताड़ित कर रहे हैं। वह सभी अधिकारियों से मिल चुकी है,लेकिन उसे न्याय नहीं मिल रहा है।
शिवाजी पार्क थाना प्रभारी चंद्रशेखर शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक महिला तिजारा पुलिया पर है जो आत्महत्या की धमकी दे रही है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसको थाने लाकर लेकर उसे समझा बुझाकर पति के सुपुर्द कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित