हरिद्वार , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड में हरिद्वार पुलिस लाइन रोशनाबाद में बुधवार को महिला ऐच्छिक ब्यूरो की काउंसिलिंग बैठक आयोजित की गई, जिसमें बिखरते परिवारों को जोड़ने का सराहनीय प्रयास किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधिकारियों की देखरेख में आयोजित इस बैठक में कुल नौ पारिवारिक मामलों पर सुनवाई हुई।
काउंसिलिंग के दौरान पांच परिवारों के बीच आपसी सहमति बनाते हुए समझौता कराया गया, जिससे उनके रिश्ते टूटने से बच गए। वहीं चार अन्य मामलों में दोनों पक्षों को विचार करने के लिए अतिरिक्त समय देते हुए अगली तिथि प्रदान की गई।
बैठक में महिला सुरक्षा एवं हेल्पलाइन के नोडल अधिकारी, मनोवैज्ञानिक अरुण कुमार, समाजशास्त्री विनोद शर्मा, अधिवक्ता रीमा साहीम, प्रधानाचार्य तथा महिला हेल्पलाइन मायापुर की प्रभारी उपनिरीक्षक अंजना चौहान सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रही। सभी ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समझाइश के माध्यम से समाधान का प्रयास किया।
महिला हेल्पलाइन के माध्यम से जटिल पारिवारिक विवादों को ऐच्छिक ब्यूरो के समक्ष रखा जाता है, जहां विशेषज्ञों द्वारा संवाद और परामर्श के जरिए रिश्तों को सहेजने का प्रयास किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित