सुलतानपुर , अप्रैल 13 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि महिला आरक्षण भाजपा सरकार की नीयत में नहीं है।
सुलतानपुर में एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेने आए श्री यादव ने संवाददाताओं से कहा कि सरकार ने महिला आबादी की गिनती नहीं की। इसका मतलब आरक्षण सरकार की नीयत में नहीं है। सरकार ने अभी महिलाओं का क्षेत्र बनाया नहीं और आरक्षण की तैयारी कर रहे हैं।
बिजली के स्मार्ट मीटर पर तंज कसते हुए उन्होने कहा, " यह स्मार्ट मीटर नहीं, बल्कि 'प्री-पीड़ा' देने वाले 'पीड़ित मीटर' हैं। मीटर इतनी तेजी से भाग रहे हैं कि जनता का बिजली बिल आसमान छू रहा है। यही मुख्यमंत्री की स्मार्टनेस है।" इससे पहले उन्होने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सर्च ऑपरेशन के दौरान शहीद हुए सेना के जवान अखिलेश शुक्ला के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित