हैदराबाद , जुलाई 05 -- अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने रविवार को घोषणा की कि महिला कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रावधानों के साथ महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर 20 जुलाई से अगस्त तक देशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।

उन्होंने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर महिला विरोधी होने का भी आरोप लगाया। यहां गांधी भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्रीमती लांबा ने कहा कि महिला कांग्रेस ने पिछले तीन महीनों में तेलंगाना के 19 जिलों में बैठकें की हैं और दावा किया कि राज्य में कांग्रेस सरकार के कामकाज से महिलाएं संतुष्ट हैं।

उन्होंने महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से की गयी पहलों के लिए तेलंगाना सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि 1.16 लाख से अधिक महिला नेताओं ने महिला कांग्रेस के सदस्यों के रूप में पंजीकरण कराया है और सितंबर में उनके लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। श्रीमती लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ 25 जुलाई को नयी दिल्ली में विशाल विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। उन्होंने नारी शक्ति वंदन (33 प्रतिशत महिला आरक्षण) विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की और इस कानून में ओबीसी महिलाओं के लिए भी आरक्षण शामिल करने पर जोर दिया।

उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहा है, साथ ही भाजपा नेताओं पर महिलाओं तथा बच्चों के खिलाफ अपराधों में शामिल होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने यह कहा कि बार-बार परीक्षाओं के पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है और इसके लिए सीधे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान जिम्मेदार हैं।

कांग्रेस नेता ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पर 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर संसद को गुमराह करने का आरोप लगाया। श्रीमती लांबा ने अयोध्या राम मंदिर में चोरी पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाये और कहा कि भाजपा सरकार 'चंदा चोरी' और 'वोट चोरी' में लिप्त है।

श्रीमती लांबा ने कहा कि तेलंगाना महिला कांग्रेस ने केंद्र के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री को संबोधित पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है और जनसमर्थन जुटाने के लिए नंबर 9133400200 के माध्यम से 'मिस्ड कॉल' अभियान भी शुरू किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि न्यायपालिका के सदस्य भी भाजपा सरकार के कामकाज का विरोध कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित